ईसीसी एजुकेटर के अभ्यर्थी डीएम से मिले, उसके बाद बीएसए से डीएम ने जानकारी ली-संवाद
संतकबीरनगर। ईसीसीई एजुकेटर भर्ती में शासनादेश का उल्लंघन का आरोप लगाकर अभ्यर्थी सोमवार को डीएम से मिले। इस दौरान अभ्यर्थियाें ने ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। जिसके बाद डीएम आलोक कुमार ने बीएसए को मौके पर तलब कर दिया और शासनादेश के तहत चयन का निर्देश दिया।
अभ्यर्थी किरन पटेल, सविता राव, अन्नपूर्णा, कंचन पटेल, नेहा मद्धेशिया, पूर्णिमा चौधरी, सूर्यकला, चंद्रकला समेत अन्य अभ्यर्थियों का कहना था कि ईसीसीई एजुकेटर भर्ती में अब तक क्या प्रगति हुई उसकी कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। चयन समिति शासनादेश के विपरीत चयन कर रहा है। इससे अभ्यर्थी हतोत्साहित हैं। इसके पहले कई बार ज्ञापन दिया जा चुका है लेकिन, अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
चयन करने वाली फर्म ने गलत तरीके से अभ्यर्थियों का नंबर अपलोड किया है। मेरिट के आधार पर चयन नहीं हो रहा है। शासनादेश दिखाने के बावजूद उसके विपरीत जाकर चयन किया जा रहा है। इससे हम लोगों का भविष्य अंधकार मय हो जाएगा। डीएम आलोक कुमार ने अभ्यर्थियों की बातों को सुना और बीएसए अमित कुमार सिंह को तलब किया। कुछ ही देर में पहुंचे बीएसए से शासनादेश के बारे में पूछा। अभ्यर्थियों ने शासनादेश को दिखाया। बीएसए ने बताया कि शासनादेश के तहत ही चयन किया जा रहा है, लेकिन अभ्यर्थी इससे संतुष्ट नहीं हुए। अभ्यर्थियाें ने अपना-अपना तर्क दिया। डीएम ने कहा कि शासनादेश के विपरीत कोई भी कार्य नहीं होना चाहिए। इसके बारे में ऊपर के अधिकारियों से बातचीत की जाएगी। जिसके बाद अभ्यर्थी वापस लौट गए।