बेलहर। क्षेत्र की ग्राम पंचायत भगौसा समिति पर खाद वितरण को लेकर किसानों में भारी आक्रोश देखने को मिला। किसानों का आरोप है कि समिति में एक व्यक्ति की मनमानी के चलते खाद निर्धारित दर से ज्यादा कीमत पर बेची जा रही है। किसानों ने जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
किसान जितेंद्र चौधरी, लाल निषाद, संतोष कुमार गौड़, आदित्य आदि ने बताया कि शासन द्वारा खाद की कीमत 266 तय की गई है, जबकि समिति पर उसे 300 में बेचा जा रहा है। अधिक कीमत चुकाने के लिए मजबूर किसानों ने समिति पर आरोप लगाए हैं। इसके साथ ही ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि समिति पर खाद का वितरण नाम के आधार पर लिंक नहीं किया जा रहा है। किसानों ने बताया कि कई छोटे एवं वास्तविक किसानों को यह कहकर खाद नहीं दी जा रही कि नाम सूची में नहीं हैं, जबकि बिचौलियों को मनमाने ढंग से खाद उपलब्ध कराई जा रही है। किसानों ने इस मामले की जांच की मांग की। जिला कृषि अधिकारी डॉ सर्वेश कुमार यादव ने बताया कि मामले की जानकारी ली जाएगी।