सीडीएस जनरल विपिन रावत से जिले के रहने वाले मनोवैज्ञानिक डा0आलोक मिश्रा से एक मुलाकात फाइल फोटो।?
- फोटो : KHALILABAD
‘तुम्हारी टाई तो मुझसे ज्यादा चमक रही है’
मनोवैज्ञानिक डॉक्टर आलोक मिश्रा ने सीडीएस बिपिन रावत की यादों को किया साझा
सैनिकों के मनोभावों को समझने के लिए अक्सर करते थे मशविरा
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिहरपुर। सीडीएस जनरल बिपिन रावत अब इस दुनिया में नहीं रहे, लेकिन जो भी उनसे कभी मिला था, उनकी हाजिर जवाबी और मिलनसार व्यक्तित्व का कायल हो गया। ऐसी ही कुछ यादें मनोवैज्ञानिक डॉक्टर आलोक मिश्रा ने साझा की।
उन्होंने कहा कि नई दिल्ली के पोलो ग्राउंड में एक मुलाकात के दौरान सीडीएस जनरल बिपिन रावत ने मुस्कुराते हुए कहा था कि तुम्हारी टाई तो मुझसे भी अधिक चमक रही है। लोगों से मिलने का उनका एक अलग अंदाज था। वह हमेशा सेना को आधुनिक और नई तकनीकी से सुसज्जित करने की दिशा में सोचते थे। सैनिकों को मानसिक रूप से सशक्त बनाए रखने के लिए वे प्राय: चर्चा करते थे।
4-डी ब्रेन मैपिंग तकनीक के जानकार मनोवैज्ञानिक डॉक्टर आलोक मिश्रा मूल रूप से संतकबीरनगर जिले के बिसरापार गॉव के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि जनरल रावत अक्सर सैनिकों की मनोदशा और तनावों पर उनसे चर्चा करते रहते थे। सैनिक किसी तनाव के चलते डिप्रेशन में न जाने पाएं, इसके लिए वह प्राय: डॉक्टर आलोक मिश्रा से विचार-विमर्श करते रहते थे। फोन पर हुई बातचीत में मनोवैज्ञानिक डॉक्टर आलोक मिश्रा ने बताया कि जनरल रावत से उनका संबंध करीब पंद्रह सालों से रहा है। विदेश में प्रवास के दौरान भी जनरल रावत उनसे सेना के मानसिक स्तर को बेहतर बनाए रखने के लिए चर्चा करते थे। जनरल विपिन रावत के निधन से आहत डॉक्टर आलोक मिश्रा ने कहा कि देश ने एक कुशल जांबाज सैन्य अधिकारी खो दिया है। इसकी भरपाई मुश्किल है। बताते चलें कि मनोवैज्ञानिक डॉक्टर आलोक मिश्रा 4-डी ब्रेन मैपिंग तकनीक के जरिए अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा, पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम सहित खेल जगत की हस्तियों की मनोवैज्ञानिक जांच कर चुके हैं। इसके लिए उन्हें देश-विदेश में कई अवॉर्ड मिल चुके हैं।