योजनाओं के क्रियान्वयन की लगातार समीक्षा करें अधिकारी : डीएम
डीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्य व स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा की
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को डीएम दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में विकास कार्य, निर्माण कार्य, लाभार्थीपरक योजना व स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान अफसरों को योजनाओं के क्रियान्वयन की लगातार समीक्षा किए जाने के निर्देश दिए गए।
डीएम दिव्या मित्तल ने कहा कि जिले के समस्त अधिकारी अनिवार्य रूप से विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रगति की मॉनीटरिंग करते रहें। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिएु नर्माण के दौरान आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण किया जाए और किसी भी स्तर पर असंतोष की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण एवं एनीमिया की जांच में धीमी प्रगति पाए जाने पर इसके सुधार लाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि अधूरे निर्माण कार्यों को गुणवत्तापरक ढंग से ससमय पूर्ण कराया जाए। निर्माण कार्यों के दौरान किसी भी स्तर पर आ रही समस्या के बारे में पूछताछ एवं जानकारी प्राप्त करते हुए उसका अविलंब निस्तारण किया जाए। डीएम ने विभिन्न विभागों द्वारा लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व वसूली की भी आंकड़ेवार जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यकतानुसार दिशा निर्देश दिए। बैठक में निराश्रित गोवंश, गो आश्रण स्थल, सहभागिता योजना, आयुष्मान गोल्डन कार्ड, अस्पतालों में चिकित्सक एवं दवाओं की उपलब्धता, सामुदायिक शौचालय/दिव्यांग शौचालय, कायाकल्प योजना, पंचायता भवनों का निर्माण, अवशेष प्रबंधन, मनरेगा, खाद्य सुरक्षा, सामूहिक विवाह, कन्या सुमंगला योजना, वनीकरण, पेंशन योजनाएं, कौशल विकास मिशन, उद्योग बंधु श्रमिकों का पंजीकरण, रोजगार सृजन कार्यक्रम, सिंचाई, विद्युत, पीडब्ल्यूडी आदि विभागों की समीक्षा की। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान संचालित सभी योजनाओं जैसे-एंबुलेंस 108,102 टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण, संस्थागत प्रसव, जननी सुरक्षा योजना आदि की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सीडीओ अतुल मिश्र, सीएमओ डॉ. इंद्रविजय विश्वकर्मा, डीएसटीओ एनके सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. श्वेता त्रिपाठी, जिला दिव्यांग जन सशक्तिकरण अधिकारी प्रियंका यादव समेत अन्य मौजूद रहे।