- डीएम की अध्यक्षता में डिजिटल क्रॉप सर्वे अंतर्गत ई-खसरा पड़ताल की समीक्षा हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। डीएम आलोक कुमार की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को डिजिटल क्रॉप सर्वे अंतर्गत ई-खसरा पड़ताल की समीक्षा की गई। प्रगति संतोषजनक न मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई और निर्देश दिए कि इसमें सुधार लाया जाए।
उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह ने अवगत कराया कि जनपद में 24 अगस्त से खसरा पड़ताल का कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। इसमें इस बार मोबाइल ऐप से जिओ रेफरेंस गाटा अर्थात किसान के खेत में बोई गई फसल का फोटो अपलोड किया जाना है। इससे जनपद में बोई जाने वाली समस्त फसलों का विवरण तैयार हो सकेगा। इसका लाभ किसानों को परोक्ष एवं अपरोक्ष रूप से होगा। इस कार्य के लिए जनपद में रोजगार सेवक, पंचायत सहायक, कृषि विभाग के कार्मिक लगाए गए हैं।
बैठक में उपस्थित खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ब्लॉक स्तर पर कर्मचारियों की बैठक कर उन्हें कार्य कराए जाने के लिए निर्देशित करते हुए कार्य पूर्ण कराएं। यदि आवश्यकता हो तो उन्हें पुनः प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। प्रत्येक कर्मचारी द्वारा 1100 गाटे का सर्वे 20 दिनों में पूरा किया जाना है। यह कार्य 15 सितंबर तक पूर्ण किए जाने के निर्देश शासन स्तर से निर्गत हैं।
इस दौरान सीडीओ जयकेश त्रिपाठी, पीडी विजयंत सिंह, उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।