जिला अस्पताल को मिले दो सर्जन
- सीएमएस से मिलकर कार्यभार ग्रहण किया
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। संयुक्त जिला अस्पताल को दो सर्जन मिले हैं, जिससे अब अस्पताल में आने वाले मरीजों को आपरेशन के लिए परेशानी नहीं होगी। दोनों चिकित्सकों ने सीएमएस से मिलकर कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
तीन साल पहले जिला अस्पताल में तैनात सर्जन डॉ संदीप राय और आर्थो सर्जन डॉ सोहन स्वरूप शर्मा एमडी की पढ़ाई के लिए आगरा चले गए हैं। सितंबर 2021 में इनकी पढ़ाई पूरी हुई और यह लोग वापस जिला अस्पताल लौट आए। डॉ संदीप राय ने बताया कि आगरा के एसन मेडिकल कॉलेज में सर्जरी विभाग से उन्हें गोल्ड मेडल मिला है। उन्हें अक्तूबर में होने वाले दीक्षांत समारोह में सम्मानित किया जाएग। वहीं आर्थो सर्जन डॉ सोहन स्वरूप शर्मा ने बताया कि उनकी एमडी की पढ़ाई पूरी हो चुकी है। वह वापस अपने मूल तैनाती स्थल पर लौट आए हैं। दोनों चिकित्सकों ने सीएमएस डॉ ओपी चतुर्वेदी से मिलकर कार्यभार ग्रहण किया। सीएमएस ने बताया कि अस्पताल को दो सर्जन फिर से मिल गए हैं। अभी तक अस्पताल मात्र एक सर्जन के सहारे चल रहा था। दो सर्जन आने से अब मरीजों को इधर उधर भटकना नहीं पड़ेगा।