रोसयाबाजार। पौली ब्लॉक की ग्राम पंचायत सोनहन में जल निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं है, जिसके कारण घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इससे लोगों को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव होने से उठ रही दुर्गंध से लोग परेशान हैं।
ग्राम पंचायत सोनहन के रामपुर चौराहे से कुडवा जाने वाले मार्ग पर जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण बारिश में तो समस्या होती ही है, लेकिन इस समय नालियों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। जिसके कारण लोगों को आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं चारों तरफ गंदगी का अंबार लगा हुआ है। इस गंदगी से उठ रही दुर्गंध के कारण लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। ग्रामीण लालजी,ओरी यादव, झीनक,अब्दुल हिसार, अब्दुल्लाह, समुल्लाह, सलाम, कलीमुल्ला, समीउल्लाह, जमालुद्दीन, इसहाक, तनबीर आलम, मो.रउफ, कमरुद्दीन, निजात अली सहित तमाम लोगों ने मांग किया कि सड़क पर फैली गंदगी को संज्ञान में लेकर जल्द से जल्द नाली निर्माण कराया जाए। एडीओ पंचायत पौली जितेंद्र तिवारी ने बताया कि सड़क पर पानी और गंदगी से निजात दिलाते हुए जल्द ही जल निकासी की व्यवस्था कराई जाएगी।