बेलहर। ब्लॉक सभागार में मंगलवार को कृषि विभाग की ओर से कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के तहत रबी गोष्ठी का आयोजन किया गया। क्षेत्र के किसानों को रबी की उन्नत खेती, उत्पादन बढ़ाने के उपाय और सरकारी योजनाओं के बारे में बताया गया।
विशेषज्ञों ने गेहूं, चना, सरसों सहित रबी की अन्य फसलों में उन्नत बीजों के प्रयोग, उर्वरक प्रबंधन, समय पर सिंचाई, कीट एवं रोग नियंत्रण के वैज्ञानिक तरीकों के बारे में बताया। कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, अनुदान, बीज वितरण और तकनीकी सहायता के बारे में भी किसानों को अवगत कराया गया। बीएमटी हीरालाल वर्मा ने कहा कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के संकल्प के साथ लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि उन्नत बीज, आधुनिक कृषि तकनीक, फसल बीमा योजना, सिंचाई सुविधाएं और समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराकर खेती को लाभकारी बनाया जा रहा है। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
कृषि वैज्ञानिक राम बहादुर मिश्रा ने खेती में वैज्ञानिक एवं आधुनिक पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कृषि गोष्ठियों के माध्यम से किसानों को नई तकनीकों से जोड़ा जा रहा है, जिससे उत्पादन के साथ-साथ उनकी आय में भी वृद्धि हो सके। इस अवसर पर बीडीओ उमेश प्रसाद ओझा, एडीओ पंचायत पंकज सिंह, राजकीय बीज गोदाम प्रभारी विद्यानंद पांडेय, सहायक विकास अधिकारी सुभाष चंद्र, रामबहादुर मिश्रा, प्रदीप कुमार उपाध्याय, देवेंद्र कुमार सिंह, राहुल वर्मा आदि मौजूद रहे।