प्राथमिक विद्यालय परिसर में खड़ा पुराना जर्जर भवन-संवाद
लोहरौली। बेलहरकलां विकासखंड के ग्राम पंचायत बालेपार स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में खड़ा पुराना जर्जर भवन हादसे को दावत दे रहा है। भवन की हालत काफी खराब होने के कारण विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी भवन को हटाने की दिशा में अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सके हैं।
विद्यालय परिसर में लंबे समय से खड़ा जर्जर भवन जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो चुका है। दीवारों समेत भवन के अन्य हिस्से भी खराब हालत में हैं। विद्यालय में बच्चों की लगातार आवाजाही के बीच परिसर में जर्जर भवन का खड़ा रहना खतरे का कारण बना हुआ है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द भवन गिराकर हटाने की मांग की है।
प्रभारी प्रधानाध्यापक विनय राज ने बताया कि जर्जर भवन को हटाने के लिए कुछ माह पहले नीलामी की प्रक्रिया कराई जा चुकी है। जिलाधिकारी स्तर से भी इस संबंध में पत्र जारी किया गया था। इसके बाद बीआरसी स्तर से भवन को मनरेगा के माध्यम से गिराए जाने की बात कही गई थी। हालांकि, खंड विकास अधिकारी की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। इसके चलते ग्राम प्रधान की ओर से भी मनरेगा के माध्यम से भवन गिराने की कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ग्रामीण संदीप और संजय ने बताया कि जर्जर भवन बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा बना हुआ है। समय रहते इसे नहीं हटाया गया तो किसी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जल्द कार्रवाई की मांग की है। बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।