संतकबीरनगर। बेलहरकलां थाना क्षेत्र के भिटिया चौराहे पर आभूषण की दुकान चलाने वाले युवक ने लाॅकेट बेचने के बाद उसे वापस मांगने का विरोध करने पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने दुकान में घुसकर उसके साथ मारपीट की और एक लाॅकेट जबरन लेकर चले गए।
पुलिस से शिकायत के बाद कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर बेलहरकलां पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू की है।
न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में रविंद्र कुमार उर्फ गुड्डू निवासी बखिरा ने बताया कि वह वर्तमान में बेलहरकलां थाना क्षेत्र के भिटिया गांव में रहते हैं। वह भिटिया चौराहे पर सोने-चांदी के आभूषण की छोटी दुकान चलाते हैं। आरोप है कि 22 नवंबर 2019 को भिटिया निवासी सूरज उनकी दुकान पर आया। उसने एक लाॅकेट बेचने की बात कही। लाॅकेट बेचने के बाद उसकी कीमत लेकर चला गया। दुकानदार ने लेन-देन की रसीद बनाकर उसे दे दी और अपने पास कार्बन कॉपी रख ली।
प्रार्थना पत्र के मुताबिक, 7 जून को सुबह करीब नौ बजे सूरज अपने भाई नीरज के साथ दुकान पर पहुंचा और लाॅकेट मांगने लगा। दुकानदार ने कहा कि जब लाॅकेट बेच दिया था तो अब वह उसे वापस नहीं दे सकता। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर सूरज और नीरज दुकान के अंदर घुस गए और उसके साथ मारपीट करने लगे। दोनों ने गाली-गलौज करते हुए दुकान लूटने और रास्ते में मिलने पर जान से मरवाने की धमकी भी दी। एसओ सर्वेश कुमार ने बताया कि मामले में कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।