- जजेज काॅलोनी के लिए कृषि भूमि के अधिग्रहण का आरोप
-डीएम कार्यालय पहुंचकर किसानों ने सौंपा ज्ञापन, निस्तारण की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। डीएम कार्यालय पर बुधवार को जजेज काॅलोनी के लिए होने वाले जमीन अधिग्रहण के विरोध में किसानों ने प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन सौंपकर निस्तारण की मांग की।
खलीलाबाद तहसील के ग्राम जंगलकला में कृषि भूमि अधिग्रहण के विरोध में किसान कलक्ट्रेट पहुंचे। किसानों का कहना था कि कृषि भूमि स्थानीय किसानों की है, जिस पर उनका परिवार आश्रित है और वह उस जमीन पर बराबर खेती करते हैं। खेती से ही जीवन यापन होता है। सरकार यदि किसानों के छोटे-छोटे भूमि का टुकड़ा अधिग्रहण कर लेगी तो उनका परिवार भुखमरी का शिकार हो जाएगा। ऐसी स्थिति में किसान भूमि का टुकड़ा किसी भी स्थिति में देने को तैयार नही हैं।
किसानों के पास उस भूमि के अलावा किसी अन्य स्थान पर कोई जमीन नहीं है। किसानों ने भूमि अधिग्रहण का विरोध करते हुए कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। साथ ही डीएम को ज्ञापन सौंप कर भूमि अधिग्रहण पर रोक लगाए की मांग की। इस अवसर पर राजेंद्र प्रसाद, राजेश कुमार, रामशब्द, बाबूलाल, रामअवध, भगवान दास, दयाराम आदि अन्य किसान मौजूद रहे।