- उमस व गर्मी से बढ़ रही बच्चों में समस्या, पानी की कमी बनी वजह
- 50 बच्चे रोजाना अस्पताल में डिहाइड्रेशन के आ रहे हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला अस्पताल में बच्चों में डिहाइड्रेशन और उल्टी-दस्त की समस्या लोग पहुंच रहे हैं। चिकित्सक बच्चों के अंदर पानी की कमी होना बता रहे हैं। धूप व गर्मी से बचाने की सलाह दे रहे हैं। अस्पताल में रोजाना 50 बच्चे डिहाइड्रेशन के आ रहे हैं।
गर्मी व उमस में बच्चों की सेहत को लेकर लापरवाही नहीं करनी चाहिए। चिलचिलाती धूप में आने से बच्चे तेजी से बीमार पड़ रहे हैं। बच्चों में डिहाइड्रेशन, पेट दर्द व उल्टी-दस्त की बीमारी बढ़ रही है। चिकित्सक बच्चों को धूप से बचाने, साफ पानी पिलाने व बाहर की चीजें न खिलाने की सलाह दे रहे हैं।
दूसरी तरफ मौसम में उमस व गर्मी है, जो बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रभाव डाल रहा है। जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. डीपी सिंह ने बताया कि उमस व गर्मी के कारण बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। बच्चों को पानी खूब पिलाएं। पानी की कमी न होने दें। डिहाइड्रेशन का लक्षण दिखने पर डॉक्टर से सलाह जरूर लें, उसके बाद ही इलाज शुरू कराएं।
ये लक्षण दिखें तो हो जाएं सतर्क
शरीर में पानी की कमी होने पर मुंह सूखने लगता है, शरीर कमजोर हो जाता है। पेशाब का रंग गहरा पीला पड़ जाता है। पाचन खराब हो जाता है। चिड़चिड़ापन जैसी समस्याएं आने लगती हैं। इन लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। डॉक्टर से मिलकर इलाज शुरू कराना चाहिए।