संतकबीरनगर जिले में महुली क्षेत्र के बघाड़ीपुर उर्फ परसादीपुर में बुधवार रात आंधी के दौरान हाई टेंशन तार टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया। जिससे मोटर पंप का स्विच बोर्ड बंद करते दौरान करंट की चपेट में आने से जहां एक युवक की मौत हो गई, वहीं गांव के 15 लोग घायल हो गए। करीब 20 घरों में लगा इलेक्ट्रानिंक उपकरण जल कर नष्ट हो गया। घटना से गांव में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
महुली क्षेत्र के बघाड़ीपुर उर्फ परसादीपुर में विद्युत उपकेंद्र हरिहरपुर से बिजली सप्लाई होती है। बुधवार देर रात आंधी आने के साथ बूंदाबांदी हुई। उसी दौरान गांव के पश्चिम दिशा में खिंचा गया हाई टेंशन तार टूटकर एलटी लाइन के तार पर गिर गया। जिसकी वजह से हाई वोल्टेज सप्लाई हो गई। जिसकी वजह से लोगों के घरों में इलेक्ट्रिक सामान जलने लगे।
उसी बीच स्विच बोर्ड बंद करते दौरान करंट की चपेट में आने से 22 वर्षीय अखिलेश पुत्र अर्जुन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिससे आनन- फानन में उपचार के लिए सीएचसी नाथनगर ले जाया गया, जहा से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में देखते ही चिकित्सकों ने अखिलेश को मृत घोषित कर दिया। जबकि गांव के बैजनाथ शर्मा, निर्मला देवी, लक्ष्मी, उषा, उर्मिला, इसरावती, कौशिल्या, विकास, बलवंत, लक्ष्मी समेत 15 लोग मामूली रूप से घायल हो गए।
करीब 20 घरों में लगे पंखा, टीवी, वाशिंग मशीन, फ्रिज, विद्युत बोर्ड आदि जलकर नष्ट हो गए। ग्रामीणों में बिजली निगम के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीण निगम की लापरवाही बरतने की बात कह रहे है।
पीड़ित परिवार को मिलेगा पांच लाख मुआवजा
विद्युत निगम के एक्सईएन आर के सिंह बृहस्पतिवार को बघाडीपुर उर्फ परसादीपुर गांव में पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई। इस दौरान वें पीड़ित परिवार से भी मुलाकात किए। घटना की वजह से ग्रामीणों का गुस्सा साफ झलका। एक्सईएन ने बताया कि पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा। इसके साथ शुक्रवार को से उस गांव में केबिल बिछाई जाएगी। केबिल से विद्युत सप्लाई दिए जाने से इस तरह का खतरा नहीं होगा।