ससुराल गए युवक की हालत बिगड़ी, अस्पताल में मौत
पीड़ित पिता की तहरीर पर ससुर, दो सालों पर हत्या और पत्नी पर षड्यंत्र का केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
कांटे/ संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के जिगिना गांव स्थित ससुराल में मंगलवार को ससुुुराल गए युवक की संदिग्ध हाल में हालत बिगड़ी। सूचना पर परिजन पहले उसे बस्ती जिला अस्पताल ले गए। यहां से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बुधवार को उपचार के दौरान युवक की मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में मौत हो गई। पीड़ित पिता ने बेटे के ससुरालियों पर साजिश के तहत बेटे को जहर पिलाकर हत्या करने का आरोप मढ़ा है। पुलिस ने ससुुर और दो सालों पर हत्या और पत्नी पर षड्यंत्र का केस दर्ज कर लिया है।
बडेला निवासी पवन कुमार चौधरी के अनुसार, उन्होंने 32 वर्षीय बेटे दीपक की शादी क्षेत्र के जिगिना गांव के जगराम चौधरी की बेटी रीना चौधरी से की थी। आरोप है कि बेटे और बहू में संबंध ठीक नहीं थे। बहू उनके बेटे को रास्ते से हटाने की योजना बनाती रहती थी। बहू ने योजना के तहत उनके बेटे दीपक को सात सितंबर को दोपहर में अपने मायके जिगिना भेज दिया। बेटा ससुुराल गया तो उसे ससुुरालियों ने मारपीट कर जहर पिलाने का प्रयास किया। आरोप है कि न मानने पर सीने पर तमंचा सटाकर जबरिया बेटे को जहर पिलाया गया।
हालत खराब होने पर उसने फोन से सूचना दी। वे लोग बेटे की ससुुुराल जिगिना गए तो पता चला की ससुुुुराली गाड़ी से बेटे को बस्ती ले जा रहे हैं। ओडवारा के पास उन लोगों से मुलाकात हुई। वह बेटे को जिला अस्पताल बस्ती ले गए, जहां हालत अधिक खराब होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान बुधवार को बेटे की मौत हो गई। गोरखपुर की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीड़ित पिता ने कोतवाली पहुंच कर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल अनिल कुमार ने बताया कि मृत युवक के ससुर जिगिन गांव निवासी जगराम चौधरी और साले बन्नू व दिनेश पर हत्या और पत्नी रीना के खिलाफ षड्यंत्र का केस दर्ज कर लिया गया है। विवेचना से जो तथ्य सामने आएगा, आगे उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
आरोपित को पुलिस ने पहुंचाया मायके
दीपक की मौत से गुस्साए बडेला के लोग गुस्से में हैं। बुधवार देर शाम आरोपित पत्नी को गांव वालों ने घेर लिया। सूचना पर पुलिस पहुंची और महिला को उसके मायके भिजवाया।