बाइक से गिरकर घायल महिला की मौत
धनघटा। महुली क्षेत्र के अम्मादेई गांव के पास बुधवार को बाइक से गिर कर घायल महिला की बृहस्पतिवार को मौत हो गई। उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से लखनऊ के लिए रेफर किया गया था।
धनघटा क्षेत्र के कटार मिश्र गांव की 55 वर्षीय लालमती पत्नी मुन्नी लाल बुधवार को अपने परिचित व्यक्ति के साथ बाइक से मायके महुली क्षेत्र के पड़रहा गांव जा रही थीं। अम्मादेई गांव के पास बाइक से गिर कर घायल हो गई थीं। परिजन पहले सीएचसी नाथनगर और फिर जिला अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया था। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से डॉक्टरों ने बृहस्पतिवार को लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उसे घर लाए और लखनऊ ले जाने की तैयारी कर रहे थे। उसी दौरान घायल महिला की मौत हो गई। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। एसओ धनघटा विनय पाठक ने बताया कि महिला धनघटा क्षेत्र की रहने वाली है और घटना महुली क्षेत्र में हुई। परिजनों ने सूचना नहीं दी है। जबकि एसओ महुली केडी सिंह ने ऐसी कोई सूचना नहीं होने की बात बताई।