कोतवाली क्षेत्र के महदेवा गांव के रहने वाले एक युवक की कुछ लोगों ने शुक्रवार को हत्या कर दी और शव को चमरसन गांव के पास कुटी के निकट मिट्टी में दबा दिया। गांव वाले ने एक युवक पर हत्या का शक जताते हुए पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद पकड़े गए युवक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया और हिरासत में ले लिया।
महदेवा गांव निवासी राकेश चौधरी पुत्र रामकेवल का आरोप था कि उसके राजेश चौधरी (35) उर्फ गुड्डू को शुक्रवार को सुबह दस बजे घर से बुला कर मेंहनिया निवासी अरविंद चौधरी साथ ले गए। गांव के चौराहे पर स्थित एक चाय की दुकान पर उसके भाई को नाश्ता कराया। दोपहर में उसके गांव का ही एक बच्चा घर पहुंचकर उसके भाई राकेश को कुछ लोगों के जरिए बढयापुरवा गांव की बाग में कुटी के पास मारने -पीटने की सूचना दी। आरोप था कि उसे रास्ते में ही अरविंद चौधरी मिल गए तो राजेश के बारे में पूछने पर कुछ भी बताने से आनाकानी करने लगे।
राकेश ने अरविंद को जबरियां अपनी साइकिल पर बैठा लिया और साथ लेकर गांव पर पहुंचा। जहां आक्रोशित गांव वालों ने अरविंद पर सख्ती की तो बाद में उसने ग्रामीणों को बढयापुरवा कुटी के पास ले गया। जहां मिट्टी से दबाया गया राजेश का शव मिला। मृतक के चेहरे पर चोट के निशान ने थे और कान से खून निकला था। शव देख ग्रामीण आक्रोशित हो गए और अरविंद चौधरी की पिटाई शुरू कर दी।
सूचना पर तामेश्वरनाथ चौकी प्रभारी राजेश कुमार गुप्ता मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण पूरी घटना में कच्ची शराब को जिम्मेदार बताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज थे। वह एसपी को घटना स्थल पर बुलाने की मांग करते हुए आरोपी युवक और मृतक के शव को पुलिस को सौंपने से इंकार कर रहे थे। सूचना पर मौके पर पहुंचे एएसपी अशोक कुमार वर्मा, सीओ प्रमोद कुमार, कोतवाल कमला यादव, प्रभारी निरीक्षक महुली शिवबरन यादव, एसआई प्रदीप सिंह, कमलेश सिंह स्वाट टीम प्रभारी संतोष तिवारी ने ग्रामीणों को हत्या आरोपियों और कच्ची के कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर आरोपी युवक को हिरासत में लिया।
कोतवाल कमला यादव ने बताया कि राकेश चौधरी की तहरीर पर मेहनिया गांव निवासी अरविंद चौधरी के खिलाफ हत्या कर शव छुपाने की कोशिश केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। वैसे हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। इसमें और कौन- कौन आरोपी है, इसके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।