काली जगदीशपुर गांव निवासी शिवप्रसाद के रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
धनघटा। महुली क्षेत्र के ग्राम काली जगदीशपुर में मंगलवार को आम तोड़ने के लिए पेड़ पर चढे़ 45 वर्षीय युवक की गिरकर मौत हो गई। उसे अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उपचार के बाद छुट्टी दे दी। घर पहुंचने पर अचानक उसकी हालत गंभीर हो गई और उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
काली जगदीशपुर के बेलदारी टोला निवासी 45 वर्षीय शिवप्रसाद पुत्र वीरबल गांव के दक्षिणी सीवान में स्थित बाग में आम तोड़ने गया था। पेड़ पर चढ़कर आम तोड़ रहा था। उसी दौरान पैर फिसल गया और वह नीचे आ गया। उसे लोग पहले सीएचसी ले गए लेकिन गंभीर हालत देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजन जिला मुख्यालय पर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए। बताया कि जांच और इलाज के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। परिजन उसे लेकर घर पहुंचे। एक घंटे बाद पेट में तेज दर्द होने के बाद अचानक शिव प्रसाद की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
शिवप्रसाद की मौत से बच्चे हुए अनाथ
धनघटा। काली जगदीशपुर निवासी शिवप्रसाद बच्चों की ख्वाहिश पूरी करने के प्रयास में दुनिया छोड़ गया। उसकी मौत से मासूम बच्चे अनाथ हो गए तो पत्नी गायत्री का असमय सुहाग उजड़ गया। शिवप्रसाद परिवार के सदस्यों के भरण-पोषण का एक मात्र सहारा था। छह संतानों में से तीन पुत्रियों की शादी वह पहले ही कर चुका था। खेती करके वह अपने तीन बच्चों 14 वर्षीय गीता, 12 वर्षीय सोमनाथ और 10 वर्षीय राजनाथ के साथ ही पत्नी गायत्री की परवरिश कर रहा था। शिवप्रसाद के हंसमुख मिजाज के चलते हर कोई दुखी नजर आ रहा था।