असनहरा गांव में मजदूर की मौत के बाद जुटे गांव के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के असनहरा गांव में चाचा-भतीजे के बीच भूमि विवाद में हैंडपंप लगाने गए वृद्ध मजदूर की लाठी से प्रहार कर हत्या कर दी गई, जबकि एक शख्स घायल हो गया। इस संबंध में पुलिस ने एक सेवानिवृत्त रेल कर्मी और उसके बेटे को हिरासत में ले लिया।
चौकी इंचार्ज कांटे रामभवन यादव ने बताया कि असनहरा गांव निवासी रेलवे के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद से दो साल पहले रिटायर्ड हुए राममिलन पुत्र गोमती और उनके भतीजे राम नरायन पुत्र स्वर्गीय अर्जुन के बीच जमीन संबंधी विवाद चल रहा है। इस मामले में गांव स्तर पर पंचायत हुई थी। पंचायत में तय अपने हिस्से में मिली जमीन में रामनरायन सोमवार को हैंडपंप लगवा रहे थे। उनके पड़ोसी 67 वर्षीय जीतन राजभर इस कार्य में मजदूरी करने गए थे।
कार्य के दौरान राममिलन पक्ष के लोगों ने रामनरायन से कहासुनी कर ली। बीच बचाव में गए जीतन को राममिलन पक्ष के लोगों ने लाठी से सिर पर प्रहार कर दिया। जिससे जीतन की मौके पर मौत हो गई। जबकि रामनरायन घायल हो गए। घटना पर आस-पास के गांव के लोग जुट गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आगे बताया कि सेवानिवृत्त रेलकर्मी राममिलन और उनके बेटे लालमन को हिरासत में ले लिया गया है।
मृतक मजदूर के पास सिर्फ एक विवाहिता बेटी है। जो अपने ससुराल में रहती है। सूचना पर बाद में एएसपी अशोक वर्मा और कोतवाल कमला यादव भी पहुंच गए। कोतवाल ने बताया कि मृतक के भतीजे इंदल पुत्र कालीदीन ने तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर राममिलन, उसके बेटे लालमन और राजेंद्र शर्मा पुत्र नरायन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।