ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार पिता-पुत्री घायल हो गए, जबकि पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा गोरखपुर के ट्रांसपोर्ट नगर के पास हुआ। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
संतकबीरनगर जिले के बखिरा निवासी और नर्सिंग होम संचालक रवींद्र प्रसाद त्रिपाठी (42) पत्नी सरिता त्रिपाठी (36) और बेटी साक्षी (16) के साथ गोरखपुर आए थे। उनकी बेटी गोरखपुर के रानीबाग स्थित ननिहाल में रहकर 10वीं में पढ़ती है। आगामी दिनों में परीक्षा होने के कारण रवींद्र पत्नी के साथ बेटी को छोड़ने आ रहे थे। गोरखपुर के ट्रांसपोर्ट नगर के पास जाम लगा था, जिसमें वे भी फंसे थे।
जब जाम खुला तो सभी वाहन तेजी से निकलने की फिराक में थे। इसी बीच पीछे से आए ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इससे बाइक ट्रक में फंसकर थोड़ी दूर तक घिसटती चली गई। इस हादसे में संगीता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रवींद्र और साक्षी जख्मी हो गए।
राहगीरों ने पुलिस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, वहीं पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की वजह से हाइवे पर जाम लग गया था, जिससे करीब आधे घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। इसके बाद यातायात सुचारू हो पाया। वहीं उपचार के बाद पिता और पुत्री को देर शाम डिस्चार्ज कर दिया गया।