पंजाब नेशनल बैंक नाथनगर की शाखा में मंगलवार को एक महिला दूसरे के खाते से रकम निकालने की दौरान पकड़ी गई। शाखा प्रबधक ने इसकी सूचना पर पहुंची महुली पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
महुली क्षेत्र के छितही गांव निवासी दुर्गावती पत्नी विशुनदेव का पीएनबी सिक्टहा में बचत खाता है। छह जून को दुर्गावती कसबे में गई थी। उसी समय दुर्गावती का थैला गायब हो गया था। गायब थैले में बैंक पासबुक, 5000 रुपये, जेवर और मोबाइल भी था। दुर्गावती ने घटना के संबंध में महुली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। सात जून को सिक्टहा स्थित बैंक की शाखा में पासबुक गायब होने के संबंध में प्रार्थना पत्र भी देकर नया पास बुक जारी करा लिया था।
सोमवार को दुर्गावती सिक्टहा बैंक पर अपने खाते से पैसा निकालने गई, तो उसे पता चला कि 27 जून को उसके खाते से 20000 रुपये निकाला लिए गए हैं। बैंक में छानबीन करने के बाद पता चला कि खाते से धनराशि की निकासी पीएनबी की नाथनगर शाखा से हुई है। पीड़ित दुर्गावती तत्काल पीएनबी नाथनगर की शाखा पर पहुंचकर शाखा प्रबंधक से अपने खाते से धन निकाल लिए जाने की बात कहकर हंगामा करने लगी।
शाखा प्रबंधक मामले की जांच का आश्वासन देकर दुर्गावती को वापस घर भेज दिया था। मंगलवार को दुर्गावती के खाते से एक महिला ने 4000 रुपये निकालने के लिए नाथनगर पीएनबी के कैशियर को विड्राल फार्म भर कर अपना अंगूठा लगाकर दिया। कैशियर ने इसकी सूचना तुरंत शाखा प्रबंधक को दी। शाखा प्रबंधक ने उस महिला को बैंक में ही रोक लिया तथा इसकी सूचना पुलिस को दिया। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज गोरखनाथ यादव ने महिला से पूछताछ की।
बैक परिसर में पकड़ी गई महिला महुली क्षेत्र के एक गांव की निवासी बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक महिला ने बताया कि उसे यह पासबुक महुली कसबे में गिरी मिली थी। उसने पासबुक पर चस्पा दुर्गावती का फोटो हटाकर अपना फोटो लगा लिया था। 27 जून को वह नाथनगर शाखा से 20000 रुपये निकाल लिया था। शाखा प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय की तहरीर पर पुलिस महिला को थाने ले गई। पुलिस ने महिला की निशानदेही पर उसके घर से दुर्गावती का गायब हुआ मोबाइल, मंगलसूत्र और 1900 रुपये बरामद कर लिया गया। एसओ रमेश यादव ने बताया कि पीएनबी के शाखा प्रबंधक ने लिखित सूचना दी है। मामले में पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।