पत्नी और साले की हत्या करने के बाद फरार हत्यारोपी को सोमवार को महुली पुलिस ने भोगीपुर से गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को भी बरामद किया गया है। एसपी ने हत्यारे की गिरफ्तारी की जानकारी पत्रकार वार्ता में दी।
एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि 26 मई को मेंहदावल थाना क्षेत्र के नगपुर निवासी संतोष त्रिपाठी ने सूचना दी कि उनके चचेरी बहिन गोल्डी 26 वर्ष, उनका बेटा हिमांशु 14 वर्ष को दहेज की मांग को लेकर गोल्डी के पति महुली थाना क्षेत्र के अलीनगर निवासी जय प्रकाश तिवारी ने कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी है। उनकी सूचना पर जय प्रकाश तिवारी के विरु द्ध हत्या के आरोप में केस दर्ज किया गया था।
पुलिस तभी से जय प्रकाश की तलाश कर रही थी। सोमवार को एसओ महुली संतोष तिवारी को जरिए मुखबिर से सूचना मिली कि हत्यारोपी जय प्रकाश तिवारी भोगीपुर के पास देखा गया है। एसओ संतोष तिवारी अपने हमराही कांस्टेबल मनोज यादव, मोहम्मद जमीर, शम्स परवेज, ज्ञानचंद यादव, राममगन भारती, मिथिलेश मिश्रा, शंभूनाथ रावत को लेकर मुखबिर की ओर से बताए गए स्थान पर छापामारी की। मौके पर जय प्रकाश तिवारी पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को अलीनगर के पास एक झाड़ी से बरामद किया गया।
उन्होंने बताया कि हत्यारोपी जय प्रकाश तिवारी ने पूछताछ में कबूल किया है कि पत्नी मायके जाने से मना किया था नहीं मानने पर उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने इसके लिए महुली पुलिस टीम को बधाई दी।