क्षेत्र के मदरहा गांव में बुधवार की भोर में दो माह के बच्चे की हत्या कर दी गई। घटना की सूचना पर एसपी, एएसपी भी मौके पर पहुंच गए। पीड़ित पिता ने अपने दो पट्टीदारों पर जमीन संबंधी विवाद में बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वजह स्पष्ट नहीं हुई। विसरा सुरक्षित कर लिया गया है।
मदरहा गांव निवासी अनरजीत का आरोप था कि मंगलवार की शाम को उसके पट्टीदार मंगरू, पंडोही से झगड़ा हुआ था। रात में पत्नी मुंदरी और दो माह का पुत्र प्रिंस एक साथ चारपाई पर सोए थे। बगल की चारपाई पर उसकी मां और भतीजी प्रिया सोई थी। आरोप था कि भोर में मंगरू और पंडोही ने उसके बेटे की हत्या कर दी। एसओ रामभवन यादव ने बताया कि अनरजीत के पिता किशनाथ और उनके पट्टीदार पंचम को पट्टे की जमीन मिली हुई है। पट्टे की जमीन पर कब्जे को लेकर उनके बीच विवाद चल रहा है। मंगलवार को दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। यूपी 100 नंबर की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। आगे बताया कि अनरजीत ने आरोप मढ़ा है कि जमीन के विवाद को लेकर ही मंगरू और पंडोही ने उसके दो माह के बेटे प्रिंस की हत्या कर दी है। इस मामले में मंगरू और उसके भाई पंडोही पर हत्या का केस दर्ज कर जांच-पड़ताल की जा रही है। इस संबंध में एसपी हीरालाल ने बताया कि दो माह के बच्चे के शव की स्थिति से मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो रही थी। प्रथमदृष्टया जांच-पड़ताल में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है लेकिन तहरीर पर पुलिस ने दोनों भाइयों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत की वजह स्पष्ट नहीं है।