संतकबीरनगर जिले में दो स्थानों पर ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग जुटे। वहीं सूचना पर जीआरपी खलीलाबाद की टीम पहुंची और शवों को कब्जे में ले लिया। शवों की शिनाख्त की कोशिश की गई, लेकिन पहचान नहीं हो पाई।
पहली घटना खलीलाबाद के त्रिपाठी मार्केट के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग से 25 मीटर पश्चिम पूर्वाह्न साढ़े ग्यारह बजे के करीब घटित हुई। किसी ट्रेन की चपेट में आ जाने से एक 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की खबर पर जीआरपी चौकी प्रभारी आर के पांडेय अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक सफेद रंग का कुर्ता और नीले-काले रंग की धारीदार लुंगी पहने हुए था। चौकी इंचार्ज ने बताया कि शव की पहचान नहीं हो पाई।
इसी तरह मगहर और सीहापार हाल्ट के बीच में किसी ट्रेन की चपेट में आने से एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सूचना पर शव को कब्जे में लिया गया। युवक काला-सफेद-गुलाबी लाइनदार हॉफ टीशर्ट और आसमानी रंग की पैंट पहने था। दोनों शवों की पहचान नहीं हो पाई। पहचान कराए जाने की कोशिश की जा रही है।