क्षेत्र के चुरेब चौराहे पर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहक सेवा केंद्र में शुक्रवार की रात शटर का ताला तोड़कर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने ग्राहक सेवा केंद्र के अंदर रखे दो लैपटॉप, इन्वर्टर की बैट्री और एक लाख नकदी उठा ले गए। शनिवार को केंद्र संचालक को सूचना आसपास के लोगों ने दी। मौके पर पहुंची पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई।
पचपेड़वा निवासी आनंद कुमार चुरेब चौराहे पर बैंक ऑफ बड़ौदा का ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करते हैं। शुक्रवार की रात चोर ग्राहक सेवा केंद्र के शटर का ताला तोड़कर अंदर कमरे में घुस गए। कमरे के अंदर रखी एक लाख नकदी, दो अदद लैपटॉप, इन्वर्टर की बैट्री चुरा ली। पीछे के दरवाजे के रास्ते चोर भागने में सफल रहे। शनिवार को किसी ने फोन पर ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक आनंद कुमार को घटना की जानकारी दी। उसके बाद वह मौके पर पहुंचे और डॉयल 100 पर मामले की सूचना दी। उसके बाद डॉयल 100 की टीम के साथ कांटे चौकी के पुलिसकर्मी मौके पर पहुुंच गए। चौकी इंचार्ज राम भवन यादव ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
थाने के पास किराने की दुकान में चोरी
हैंसर। धनघटा थाने से महज 50 मीटर उत्तर स्थित किराने की दुकान में पीछे का दरवाजा तोड़ कर चोर शुक्रवार की रात घुस गए। दुकान की आलमारी को तोड़ कर उसमें रखे गए 94000 रुपये और कीमती सामान उठा ले गए। शनिवार को दुकानदार ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने केस दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी। बकौली कला गांव निवासी लालजी अग्रहरी थाना रोड पर थाने के करीब ही किराने की दुकान काफी दिनों से संचालित करते हैं। लालजी ने बताया कि शुक्रवार की रात भी वह रोजाना की भांति दुकान बंद करके घर चले गए। शनिवार की सुबह जब आकर दुकान खोले तो पीछे का दरवाजा टूटा नजर आया। उसके बाद देखे कि दुकान में रखी गई आलमारी भी टूटी हुई है। आलमारी में 94000 रुपये रखे गए थे, जिसे चोर उठा ले गए। इसके साथ ही दुकान से कुछ कीमती सामान भी उठा ले गए। एसओ ईश्वरचंद्र प्रधान ने बताया कि इस मामले में चोरी का केस दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।