धनघटा के सपा विधायक अलगू प्रसाद चौहान पर जेई को बंधक बनाकर पीटने, अभद्रता, अभिलेखों को नुकसान पहुंचाने का केस दर्ज होने के कुछ ही घंटे बाद मामले में नया मोड़ आ गया। बुधवार देररात महुली थाना क्षेत्र के कठैचा गांव के चार लोग विधायक के साथ थाने पहुंचे। इन लोगों ने मुखलिसपुर उपकेंद्र के अवर अभियंता पर घूंस मांगने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि घूस की रकम न देने पर ही जेई ने उन लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है।
एसओ महुली रमेश यादव ने बताया कि बुधवार देररात कठैचा गांव के रामसमझ, सूर्यमन, धनपत यादव, भालचंद यादव आदि विधायक अलगू प्रसाद चौहान के साथ थाने पहुंचे। इन लोगों ने मुखलिसपुर विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता सन्नी देओल प्रताप के खिलाफ लिखित तहरीर दी है। इसमें आरोप लगाया गया है कि अवर अभियंता उनसे 10 हजार रुपये घूस के रूप में मांग रहे थे। न देने पर उनका कनेक्शन काटने के साथ उन पर मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
एसओ ने बताया कि तहरीर में समय और दिनांक नहीं लिखा गया है। अगर अवर अभियंता उनसे घूस मांग रहे थे तो उसी समय तहरीर देनी चाहिए थी। इस संबंध में पूछने पर विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता सन्नी देओल ने बताया कि घूस मांगने जैसी कोई बात ही नहीं है। ये सभी बातें बेबुनियाद हैं। विधायक द्वारा इस तरह की साजिश करके उन्हे फंसाने की कोशिश की जा रही है।