एसबीआई की शाखा महुली में शनिवार को रकम निकालने को लेकर लगी लाइन में आगे-पीछे होने के चक्कर में एक युवक और वहां तैनात पुलिस कर्मी के बीच पहले कहासुनी और फिर हाथापाई। बाद में वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। देर शाम सिपाही की तहरीर पर पकड़े गए युवक अब्दुल रहीम और एक अन्य युवक पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, धमकी देने आदि की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया।
एसबीआई महुली शाखा के बाहर तक उपभोक्ताओं की लंबी कतार लगी थी। बैंक पर सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल दीनानाथ कन्नौजिया का आरोप है कि लाइन तोड़कर बैंक के अंदर जाने का प्रयास कर रहे एक युवक को जब रोकने का प्रयास किए तो वह उलझ गया। दोनों का विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। शोर सुनकर बैंक के अंदर मौजूद साथी सिपाही भी बाहर पहुंच गए।
पुलिस कर्मियों ने युवक को हिरासत में ले लिया। जबकि हिरासत में लिए युवक और अन्य उपभोक्ताओं का आरोप था कि बैंक पर सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मी द्वारा युवक को लाइन में लगने को कहा गया। इसी बात को लेकर पुलिसकर्मी और युवक का विवाद हुआ था। विवाद की सूचना पर एसआई कमलेश सिंह, एसआई भैरवनाथ यादव, एसआई कैलाश यादव मयफोर्स बैंक पर पहुंच गये।
फिलहाल युवक अभी भी पुलिस की हिरासत में है। इस संबंध में पूछे जाने पर प्रभारी निरीक्षक शिवबरन यादव ने बताया कि युवक को पुलिस कर्मी से मारपीट के आरोप में हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।