रविवार को बखिरा क्षेत्र के शिवापार बकहा में स्थित साधन सहकारी समिति के सचिव को कुछ लोगों ने कमरे में बंद करके पीटा। डीएपी खाद उपलब्ध नहीं होने से सचिव और कुछ लोगों में कहासुनी हुई । इसके बाद विवाद बढ़ गया। सचिव ने मारने-पीटने के अलावा 75 हजार रुपये छीन ले जाने का भी आरोप मढ़ा है।
खबर पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन तब तक हमलावर भागने में सफल हो गए थे। साधन सहकारी समिति शिवापार बकहा में तैनात सचिव घनश्याम श्रीवास्तव का आरोप था कि वह केंद्र पर मौजूद थे और किसानों को उर्वरक दे रहे थे। उसी दौरान भवानीगाड़ा गांव के चार- पांच लोग केंद्र पर पहुंचे और डीएपी उर्वरक मांगे। सिर्फ यूरिया केंद्र पर उपलब्ध होने की जैसे ही लोगों को जानकारी दी तो लोग भडक गए और डीएपी मांगने लगे। आरोप था कि लोग गाली गलौज देेेते हुए कमरे में उसे बंद करके मारा-पीटा और बिक्री के 75 हजार रुपये छीन लिए। घटना के बाद कुछ लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किए तब जाकर मारने-पीटने वाले लोग भागे। घटना की सूचना डीएम के अलावा बखिरा पुलिस को दिया।
पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में लोगों से पूछताछ की, लेकिन हमलावर भागने में सफल हो गए थे। एसएसआई बसंत लाल ने बताया कि सचिव को मारने-पीटने की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। अभी तहरीर नहीं मिली है। जैसे ही तहरीर मिलेगी, वैसे ही कार्रवाई की जाएगी।