मेंहदावल क्षेत्र में सोमवार को लिफ्ट देकर कार सवार बदमाशों ने एक रिटायर्ड प्रधानाध्यापक से 20,000 रुपये लूट लिए और उन्हें सुनसान जगह पर उतार दिया। इसके साथ ही मोबाइल से सिम बाहर निकाल कर फेंक दिया। घटना के बाद पीड़ित सहम गए और घर पहुंच कर घर के लोगों को मामले की जानकारी दी।
बेलाकला गांव निवासी रिटायर्ड प्रधानाध्यापक भाष्कर शुक्ला सोमवार को मेंहदावल एसबीआई में रकम निकालने गए थे। नेट फेल होने की वजह से रकम न निकल पाने पर वह सहज जन सेवा केंद्र तुनियहवा शाखा पहुंचे। वहां से 6,000 रुपये निकाले और फिर पैदल मेंहदावल के लिए चल दिए। कुछ दूर चलने पर कार सवार बदमाशों ने रोककर मेंहदावल के लिए लिफ्ट दी। कार में बैठने के कुछ देर बाद प्रधानाध्यापक के सीने पर तमंचा सटा रख दिया और उनके पास रखे 20 हजार रुपये ले लिया। मुहिया पुल से आगे सरफरा मार्ग पर ले जाकर सुनसान स्थान पर उन्हें धक्का देकर कार से नीचे उतार दिया। इतना ही नहीं उनकी मोबाइल छीनकर सिम फेंक दिया।
पीड़ित ने बताया कि उनके पास पहले से 14000 रुपये थे और 6000 रुपये सहज जनसेवा केंद्र तुनियहवा से निकाले थे।यह रकम उन्हें तुनियहवा के रामउजागिर को देनी था। बदमाशों ने कार में उन्हें लिफ्ट दी और उनसे रुपये लूट लिए। एसओ सुधीर सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। लेकिन पीड़ित की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज किया जाएगा। पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।। पीड़ित हेडमास्टर के पुत्र श्रवण कुमार शुक्ला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती देवरिया के जिला अस्पताल में है।