एक जालसाज ने खुद को बैंककर्मी बताकर सेना के हवलदार से एटीएम कार्ड का नंबर, कोड और आधार नंबर पूछ लिया और खाते से 40,000 रुपये निकाल लिए। मैसेज आने पर पीड़ित को घटना की जानकारी हुई। इस मामले में पुलिस ने मंगलवार को अज्ञात जालसाज के खिलाफ केस दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू करदी है।
कोतवाली क्षेत्र के फुलवरिया गांव निवासी और सेना में हवलदार डीपी यादव वर्तमान में अरुणांचल प्रदेश के तवांग जिले में तैनात हैं। हाल ही में वह अवकाश पर आए थे। इस दौरान 18 अप्रैल को उनके मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को एसबीआई मुंबई का कर्मी बताते हुए आधार कार्ड नंबर, एटीएम कार्ड का नंबर और कोड पूछा।
न बताने पर एटीएम कार्ड लॉक हो जाने और खाते का पैसा सरकारी खाते में चले जाने की बात कही। इसके बाद हवलदार ने मांगी जा रही सारी जानकारियां दे दीं। इसके कुछ देर उनके बाद में उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि उसके खाते से 40,000 रुपये की निकासी हो गई है। इसके बाद उन्होंने तत्काल कस्टमर केयर से बातकर एटीएम लॉक कराया। कोतवाल ईश्वर चंद्र प्रधान ने बताया कि इस मामले में अज्ञात के खिलाफ जालसाजी का केस दर्ज कर लिया गया है। लोग ऐसे जालसाजों से सावधान रहें। अनजान फोन आने पर एटीएम कार्ड का नंबर, कोड और आधार कार्ड का नंबर न बताएं।