बरदहिया में बिजली कर्मी की मौत के बाद घटनास्थल पर जुटी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। शहर क्षेत्र के संजय टाकिज मोड़ के निकट गुुुरुवार की शाम जर्जर बिजली के तार बदलने के दौरान अचानक सप्लाई चालू होने से करंट की चपेट में आने से एक प्राइवेट कर्मी की मौत हो गई। उसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
सूचना पर बिजली विभाग के कर्मी और कार्यदाई संस्था के लोगों के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। खंभे पर लटक रहे कर्मी के शव को नीचे उतरवाया गया। लोग कर्मी को जिला अस्पताल भी ले गए,जहां डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।
दो दिन से शहर क्षेत्र में जर्जर विद्युत तारों को ठेकेदार के माध्यम से प्राइवेट कर्मियों द्वारा बदलवाया जा रहा है। विद्युत विभाग द्वारा 10 से पांच बजे तक बिजली की कटौती भी की जा रही है लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण गुरुवार को हादसा हो गया। प्राइवेट कर्मी जनपद बलिया के उरदैना निवासी 30 वर्षीय शिव पुत्र शिवमंगल की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।
एक्सईएन संजय कुमार ने बताया कि कार्यदाई संस्था तार बदलने का काम कर रही है। उसी कार्यदाई संस्था ने ही अपनी ओर से कर्मियों को रखा है। हादसे की वजह यह है कि इनवर्टर की रिवर्स सप्लाई होने से हादसा हो गया।
कार्यदाई संस्था की ओर से यदि कर्मी का बीमा कराया गया होगा तो उसके आश्रित को बीमा का लाभ मिलेगा। कोतवाल वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि प्राइवेट कर्मी शिव का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीड़ित परिजनों को भी सूचना दी गई है।