ट्रक टकराने से क्रासिंग पर लगी पाइट टूटी, लगा जाम
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। शहर के तितौवा रेलवे क्रासिंग पर आवागमन रोकने के लिए लगाई गई लोहे की पाइप बुधवार को एक ट्रक की टक्कर से टूट गई। जिस दौरान यह घटना हुई, उस वक्त ट्रेन आने की सूचना पर रेलवे क्रासिंग बंद था। गेटमैन की सूचना पर पहुंचे आरपीएफ के सिपाहियों ने आवागमन रोक कर ट्रेन को पार कराया। इसके बाद देर शाम तक क्षतिग्रस्त पाइप को ठीक कराया गया।
उधर, तितौवा रेलवे क्रासिंग पर हुए हादसे के चलते कुछ देर तक वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा। लोग ओवरब्रिज पार करके दूसरे रास्ते से स्टेशन की तरफ गए। तितौवा क्रासिंग पर वाहनों की आवाजाही रुकने से कुछ देर तक रेलवे क्रासिंग और आसपास के मार्गों पर जाम लगा रहा। खलीलाबाद आरपीएफ चौकी इंचार्ज श्यामराज ने बताया कि लखनऊ-गोरखपुर रेल मार्ग के गेट संख्या 180 (तितौवा रेलवे क्रासिंग) को दोपहर सवा दो बजे ट्रेन आने की सूचना पर बंद किया गया था। उसी वक्त उस्का कला जा रहा एक ट्रक बंद समपार फाटक के पाइप से टकरा गया। इस टक्कर के चलते पाइप क्षतिग्रस्त हो गई। गेटमैन ने तुरंत हादसे की सूचना खलीलाबाद के स्टेशन मास्टर राममिलन मौर्या को दी।स्टेशन मास्टर के निर्देश पर पहुंचे आरपीएफ चौकी इंचार्ज श्यामराज, हेड कांस्टेबल रत्नाकर, कौशल कुमार सिंह, विरेंद्र पांडेय, रामशेष यादव आदि ने चेन लगाकर एक तरफ का आवागमन रोका। ट्रक व चालक को हिरासत में ले लिया गया। बाद में पहुंचे रेल कर्मियों ने क्षतिग्रस्त पाइप की मरम्मत शुरू कर दी। इस दौरान इस रूट से गुजरने वाली बांद्रा, सत्याग्रह व गोरखधाम एक्सप्रेस ट्रेन को आरपीएफ की निगरानी में क्रासिंग पार कराया गया। स्टेशन मास्टर राम मिलन मौर्या ने बताया कि इस दौरान ट्रेनों का आवागमन प्रभावित नहीं रहा लेकिन ट्रेनों को सुरक्षा उपायों के साथ क्रासिंग पार कराया गया। देर शाम समपार फाटक को दुरुस्त करा दिया गया।