महुली में असलहे के साथ पकड़े गए बादमाश। पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय ने प्रेस वार्ता गैंग का पर्दाफाश किया।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। महुली और स्वाट की संयुक्त पुलिस टीम ने गुरुवार की रात तिनहरी नहर पुलिया के पास से घेराबंदी करके दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए बदमाशों के पास से पिस्टल और कट्टा कारतूस बरामद किया। पकड़ा गया एक बदमाश महुली थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है और उसके खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास, जालसाजी समेत 11 मुकदमे दर्ज हैं।
एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि स्वाट टीम प्रभारी प्रदीप सिंह और चौकी इंचार्ज मुखलिसपुर बलराम पांडेय ने सूचना के आधार पर तिनहरी पुलिया के पास घेराबंदी कर दो शातिर लुटेरों को पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान अनूप सिंह उर्फ मंगल सिंह पुत्र रमेश सिंह निवासी गायघाट थाना महुली और विक्की उर्फ आदर्श गोस्वामी पुत्र रघुवंश गोस्वामी निवासी कुड़वा थाना चिलुआताल जिला गोरखपुर के रूप में हुई।
तलाशी में मंगल सिंह के पास से नाइन एमएम की यूएसए मेड पिस्टल व दो कारतूस मिले। विक्की के पास से 315 बोर का तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। मंगल सिंह महुली थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। अभी हाल ही में मंगल सिंह ने साथियों के साथ अम्मादेई गांव के प्रधान के देवर दुर्विजय को असलहा लेकर दौड़ाया भी था। इस मामले में भी मंगल सिंह समेत अज्ञात लोगों पर केस दर्ज हुआ था।
लुटेरे मंगल सिंह के खिलाफ पूर्व में भी लूट, हत्या के प्रयास, जालसाजी, आर्म्स एक्ट, लूट के सामान की बरामदगी समेत 11 मुकदमे दर्ज हैं। इनका गैंग है और वारदात करता रहता है। इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की भी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने इंस्पेक्टर ईश्वरचंद्र प्रधान, स्वाट प्रभारी प्रदीप सिंह, चौकी इंचार्ज बलराम पांडेय, कांस्टेबल राकेश पांडेय, कृष्ण कुमार यादव, मनीष गुप्ता, सनी यादव, मुनीर अहमद, दीपक यादव को शाबाशी दी।