मेंहदावल तहसील में बढ़या गांव के लोगों ने मंगलवार को तहसील दिवस में पहुंच कर कोटेदार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
- फोटो : अमर उजाला
मेंहदावल के बढ़या गांव के लोगों ने मंगलवार को तहसील दिवस में पहुंच कर कोटेदार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों कोटेदार पर राशन वितरण में मनमानी का आरोप लगाया और बाद में डीएम को शिकायती पत्र देकर जांच की मांग की। डीएम ने जांच कराकर कारईवाई किए जाने का आश्वासन दिया।
लोगों का आरोप था कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाला राशन, चीनी और मिट्टी के तेल का वितरण कोटेदार सही ढंग से नहीं करते है। लगातार पिछले पांच महीने से एपीएल, पात्र गृहस्थी व अन्त्योदय कार्डधारकों को अनाज नहीं मिला हैं। कार्डधारकों को मिलने वाली सभी सस्ती सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। कोटेदार की मनमानी से लोग परेशान हैं। कोटेदार ने पात्र गृहस्थी की सूची का न तो सत्यापन करवाया और न सभी राशन कार्ड धारकों को खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत बने नये राशनकार्डों का वितरण हुआ है। गांववासियों ने कहा कोटेदार मीना देवी आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में कार्यरत हैं।
ऐसे में कोटा निरस्त करते हुए नए कोटेदार का चयन करने की कार्रवाई होनी चाहिए। कार्डधारकों को इस कारण ही तहसील पर डीएम के सामने प्रदर्शन करने को बाध्य होना पड़ा है। इस अवसर पर इंद्रसेन सिंह, शंभू यादव, देवेंद्र बहादुर सिंह, कुँवर बहादुर सिंह, सीताराम, जमुना, परदेशी, राधेश्याम यादव, कुबेर यादव, आशा, गंगाराम, नरेश, बेचन, त्रिवेनी, मोतीलाल, संतराम निषाद आदि मौजूद रहे।