राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन के बैनर तले सोमवार को जूनियर इंजीनियरों ने जनपदीय अध्यक्ष दीनानाथ मिश्र की अध्यक्षता में एक्सईएन विद्युत वितरण खंड कार्यालय पर धरना दिया।
जूनियर इंजीनियर जेई सनी देओल प्रताप से अभद्रता के मामले में केस दर्ज होने के बाद भी विधायक और समर्थकों की गिरफ्तारी न होने से नाराज हैं। इंजीनियरों ने मांग किया कि विधायक व समर्थकों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुई तो मंडल स्तर पर आंदोलन छेड़ा जाएगा।
जनपदीय अध्यक्ष ने कहा कि यह चेतावनी धरना है। प्रशासन अगर नहीं चेता तो आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। क्षेत्रीय सचिव इंजीनियर विवेक सिंह ने कहा कि मान सम्मान की कीमत पर नौकरी नहीं होगी। अभियुक्तों की गिरफ्तारी की जाए, ऐसा नहीं किया गया तो मंडल स्तर पर अनिश्चितकालीन आंदोलन छेड़ा जाएगा।
मंडल सचिव इंजीनियर अवधेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि सत्ता के नशे में विधायक व उनके समर्थकों ने जेई के साथ दुर्व्यवहार किया, इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ के अध्यक्ष इंजीनियर राजेश श्रीवास्तव ने आंदोलन को पूर्ण सहयोग की बात कही। सचिव वीरेंद्र शुक्ल ने कहा कि इंजीनियर अब पीछे हटने वाले नहीं है।
उन्होंने मांग किया कि विधायक व समर्थकों को गिरफ्तार किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी गलती कोई और न कर सके। धरना में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एसके मिश्र, भुनेष प्रताप सिंह, आईएस सिंह, एसपी शुक्ल, शाहिद अंसारी, संजय यादव, केएम यादव, सनी देओल प्रताप, डीडी शर्मा, एके श्रीवास्तव, कामता नाथ, पीपी वर्मा, वीपी सिंह, प्रिंस पाठक, संपत मौर्य आदि लोग शामिल रहे।