गहमर थाना क्षेत्र के भदौरा गांव स्थित एक ईंट भट्ठा पर रविवार की देर रात पैसे के लेन-देन के विवाद को लेकर एक अधेड़ के सिर पर ईंट से वारकर उसकी हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर सोमवार की सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में मृतक के पुत्र ने जितेंद्र राजभर के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है।
क्षेत्र के बसुका गांव के जहांगिरिया मुहल्ला निवासी मृतक लियाकत अली (50) के बड़े पुत्र अमानत ने दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उसके पिता लियाकत अली (50) भदौरा गांव स्थित एक ईंट भट्ठा के पास किराना की दूकान चलाते थे। रविवार की रात करीब 10 बजे बसुका गांव के सरस्वती नगर मुहल्ला निवासी जितेंद्र राजभर दूकान पर पहुंचा और उसके पिता से पैसे के लेन-देन को लेकर बहस करने लगा। विवाद बढ़ने पर जितेंद्र ने उसके पिता के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वारकर दिया, जिससे वह घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद जितेंद्र मौके से फरार हो गया।
भट्ठा के चौकीदार की तरफ से घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल लियाकत को निजी अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुबह मौके पर पहुंचे सीओ जमानिया अनिल कुमार सिंह, एसओ दिलदारनगर शिवकुमार मिश्रा, प्रभारी एसओ गहमर सुधीर त्रिपाठी ने घटना स्थल का मुआयना कर पूछताछ की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लियाकत की हत्या से उसकी पत्नी सकीना खातून रो-रोकर बेहाल थी। लियाकत अली के दो पुत्र और तीन पुत्री हैं। इस संबंध में सीओ जमानिया अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे की तहरीर पर जितेंद्र राजभर के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना के बाद से वह परिवार के साथ फरार है। उसकी तलाश शुरु कर दी गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।