अंतरजनपदीय तबादले पर आए शिक्षकों ने विद्यालयों पर तैनाती की मांग को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने डीएम से जल्द से जल्द विद्यालयों पर तैनाती कराने की मांग की। इस दौरान शिक्षकों ने कहा कि जनपद में आए उन्हें तीन माह हो गए पर उन्हें जनपद में आए पर अभी तक उनको वेतन नहीं मिला है जिससे वे आर्थिक तंगी की कगार पर पहुंच गए हैं।
प्रदर्शन कर रहे शिक्षक संजय प्रसाद, मनोज कुमार मिश्र, शशि प्रभा सिंह, पंकज कुशवाहा, अमिताभ विश्वकर्मा, अरविंद कुमार, रामपति निषाद आदि का कहना था कि दिसंबर माह वे लोग अंतरजनपदीय तबादला होकर यहा पर आए। तीन माह का समय बीत चुका है, पर अभी तक उनको विद्यालयों पर तैनाती नहीं मिली। इसके लिए कई बार बीएसए से मिला गया पर वे टालते रहे।
उसके बाद आचार संहिता लग गई। जिसकी वजह से उन लोगों को विद्यालयों पर तैनाती नहीं मिली। उन्होंने कहा कि 12 मार्च को आचार संहिता समाप्त हो गई। जिसके बाद बीएसए से मिला गया, पर उसके बाद भी कुछ नहीं हुआ। तीन माह से उनका वेतन नहीं मिला है। इसके साथ ही आयकर कटौती भी नहीं हो पा रही है।
जिससे उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। शिक्षकों ने डीएम से जल्द से जल्द विद्यालयों पर तैनात कराने की मांग की है। इस अवसर पर कमलेश, सुधीर सिंह, ओम प्रकाश वर्मा, रामकलेश, शैलेष कुमार, अरविंद कुमार सिंह, पवन कुमार, गुलाब चंद, रवींद्र कुमार, विजय कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।