खलीलाबाद-मेंहदावल मार्ग पर बखिरा क्षेत्र के ढोढ़या चौराहे के पास रविवार की शाम को एक बाइक की चपेट में आने से वृद्घ की मौत हो गई। घटना के बाद आस-पास के लोगों के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बाइक के साथ युवक को हिरासत में ले लिया।
बखिरा क्षेत्र के सजौली गांव निवासी 65 वर्षीय रामजी गोस्वामी रविवार की शाम सात बजे के करीब पैदल ही ढोढ़या चौराहे पर किसी काम से जा रहे थे। वह ढोढ़या चौराहे पर पहुंचे ही थे। उसी दौरान मेंहदावल की ओर से गुजरी तेज गति के एक बाइक सवार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। जिससे वह घायल होकर तड़फने लगे। उसी बीच आसपास के लोगों के साथ बखिरा में तैनात एसआई प्रदीप सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल को सीएचसी मेंहदावल भेजवाया, जहां देखते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
एसओ अनिल सिंह ने बताया कि दुर्घटना करने वाले युवक को बाइक के साथ पकड़ लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर हादसे में वृद्ध की मौत की खबर पर उसके परिजन और गांव के लोग पहुंच गए। पीड़ित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।