धनघटा। नगर पंचायत हरिहरपुर में मतदान शुरू होने के कुछ देर बाद ही भाजपा प्रत्याशी और निर्दलीय प्रत्याशी में झड़प हो गई। भाजपा प्रत्याशी ने निर्दलीय प्रत्याशी और उनके एजेंट दोनों को एक ही वाहन से नगर में घूमने पर ऐतराज जताया। उसी बीच सीओ और एसडीएम मौके पर पहुंच गए और पूर्व चेयरमैन को हिरासत में लेने की कोशिश की तो उनसे नोकझोंक हुई।
पुलिस ने पूर्व चेयरमैन, अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी, निर्दल प्रत्याशी समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर थाने चली गई। नगर पंचायत हरिहरपुर में करीब नौ बजे भाजपा प्रत्याशी बनवारी लाल और उनके वाहन चालक पूर्व प्रधान जितेंद्र विश्वकर्मा कृषक औद्योगिक पाल इंटर कॉलेज के बूथ पर जा रहे थे।
धियारी चौराहे के मोड़ पर पहुंचे तो एक ही वाहन पर सवार निर्दलीय प्रत्याशी जितेंद्र कन्नौजिया और उनके चुनाव अभिकर्ता पूर्व चेयरमैन रवींद्र प्रताप उर्फ पप्पू शाही नगर में घूमते दिखे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में झड़प शुरू हो गई। भाजपा प्रत्याशी बनवारी का आरोप है कि जब प्रत्याशी के लिए पास निर्गत हुआ है तो साथ में चुनाव अभिकर्ता के रूप में पूर्व चेयरमैन कैसे घूम रहे हैं? पूर्व चेयरमैन ने चुनाव आयोग की ओर से जारी खुद का पास दिखाते हुए नगर भ्रमण को सही बताया।
इससे माहौल तनावपूर्ण होने की सूचना मिली तो पर्यवेक्षण अधिकारी सीडीओ हाकिम सिंह और एसडीएम सतीश चंद्र निगम व सीओ अशोक कुमार मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पहले दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया। सीडीओ ने पूर्व चेयरमैन को उनके आवास पर जाने की सलाह दी।
आवास पर जाने से इन्कार पर सीडीओ ने पूर्व चेयरमैन पप्पू शाही, भाजपा प्रत्याशी बनवारी और उनके वाहन चालक पूर्व प्रधान जितेंद्र विश्वकर्मा को पुलिस हिरासत में लेने का निर्देश दिया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस बल पूर्व चेयरमैन सहित तीनों लोगों को लेकर महुली थाने चली गई।
पूर्व चेयरमैन रवींद्र प्रताप शाही उर्फ पप्पू शाही ने खुद को हिरासत में लिए जाने को सत्ता पक्ष की साजिश बताया। कुछ देर बार पुलिस ने कृषक औद्योगिक पाल इंटर कॉलेज बूथ से निर्दल प्रत्याशी जितेंद्र कन्नौजिया को भी हिरासत में ले लिया।
दोपहर बाद दोनों प्रत्याशियों को पुलिस अभिरक्षा में मतदान करने और बूथों पर चल रहे मतदान का जायजा लेने के लिए भेजा गया। मतदान समाप्त होने तक भाजपा नेता जितेंद्र विश्वकर्मा थाने पर पुलिस हिरासत में रहेे। सीडीओ हाकिम सिंह ने बताया कि शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान के लिए ही दोनों प्रत्याशियों सहित चारों लोगों को हिरासत में लिया गया।