डीघाबाईपास के निकट से घेराबंदी कर चोर गिरोह के पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली पुलिस ने रविवार को डीघाबाईपास के निकट से घेराबंदी कर चोर गिरोह के पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर तीन घटनाओं का पर्दाफाश कर दिया। इसी गिरोह ने पोस्ट आफिस में चोरी की कोशिश की थी।
एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि सूचना पर कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह और चौकी इंचार्ज औद्योगिक नगर धर्मेंद्र तिवारी ने घेराबंदी कर पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में बदमाशों की पहचान मोहम्मद ताहिर उर्फ बबलू पुत्र मोहम्मद हसन निवासी ईदगाह रोड मोतीनगर, शाह आलम पुत्र करीमुल्ला निवासी बिधियानी, जान मोहम्मद उर्फ जानू पुत्र हबीबुल्लाह निवासी अंसार टोला बरदहिया, सद्दाम उर्फ मोटू पुत्र मोहम्मद याकूब निवासी कांशीराम आवास खलीलाबाद और परमात्मा प्रसाद पुत्र बुद्धु निवासी छितही खुर्द थाना रुधौली जनपद बस्ती के रूप में हुई। तलाशी में इन लोगों के पास दो तमंचे, दो चाकू और दो बाइक के साथ ही एक सोने की चेन, झुमका, टप्स, बाली, कील आदि बरामद हुई।
एसपी के मुताबिक पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने बताया कि छह माह पूर्व डीघाबाईपास पुल के पास मार्बल की दुकान से 1.60 लाख रुपये चुराए थे, जिसे खर्च कर दिए। 20-22 दिन पूर्व बरदहिया बाजार में स्थित पोस्ट आफिस में जाली तोड़ कर चोरी की कोशिश की थी। लेकिन वहां रुपये नहीं मिले थे। बरामद जेवरात 17 अगस्त की रात धौरहरा में सुरेंद्र यादव के घर चुराए थे। बरामद दोनों बाइकों के कागज नहीं दिखा पाए, जिसकी वजह से उसे सीज कर दिया गया। चोरों ने तीन चोरियों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। इनके आपराधिक रिकार्ड को पता किया जा रहा है। चार दिन के भीतर धौरहरा की चोरी की घटना का पर्दाफाश हो जाने पर पुलिस टीम को शाबाशी दी। इस दौरान एएसपी अशोक वर्मा भी मौजूद रहे।