जसोवर गांव निवासी मृतक राम अवध के रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
धनघटा। महुली क्षेत्र के नाथनगर के पास स्थित कांटा वाली बागीचे के पास स्थित तालाब में मंगलवार को वृद्ध का शव बरामद हुआ। कुर्ते की जेब से देसी शराब की दो शीशियां और अंडे भी बरामद हुए।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने शराब के नशे में पोखरे में गिरने से मौत होने की आशंका जताई। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। नाथनगर स्थित कांटा वाली बागीचे के पास स्थित तालाब में मंगलवार को दोपहर बाद कुछ मछुआरे मछली पकड़ रहे थे।
उसी दौरान तालाब में तैरता शव देखकर मछुआरों ने शोर मचाया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने इसकी सूचना डायल 100 को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को पानी से बाहर निकलवाया तो उसकी पहचान क्षेत्र के जसोवर निवासी 60 वर्षीय राम अवध के रूप में हुई।
मौके पहुंचीं मृतक की पुत्री शांति और भाई फूलचंद ने पहचान की पुष्टि की। बताया कि वह सोमवार की सुबह घर से निकले थे और तभी से घर नहीं पहुंचे। लोगों ने बताया कि वह प्रतिदिन नाथनगर कस्बे की दुकानों से पैसे आदि मांगते थे। जो पैसे मिलते थे, उसी से शाम को शराब पीते थे।
पुलिस ने जांच के बाद आशंका जताई कि नशे की हालत में वह तालाब के किनारे नित्य क्रिया के लिए गए होंगे, जहां पैर फिसलने से वह पोखरे में गिर गए होंगे। पानी में डूबने से उनकी मौत हुई होगी।
मृतक के पुत्र प्रकाश ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार किया तो पुलिस ने ग्राम प्रधान की मौजूदगी में पंचनामा के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। प्रभारी एसओ मनोज राय ने बताया कि शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया। नशे की हालत में तालाब में गिर कर डूबने से मौत होने का अनुमान लगाया जा रहा है।