हमीरपुर। जिला मुख्यालय हमीरपुर शहर के एक नामी कारोबारी के खिलाफ छेड़छाड़ का आरोप लगाने वाली महिला का पुलिस ने मंगलवार को न्यायालय में बयान दर्ज करवा दिया है। जिसके बाद आरोपी व्यक्ति की मुसीबतें बढ़ गई हैं। पीड़ित महिला आरोपी कारोबारी के घर पर काम करती थी। महिला ने कारोबारी के खिलाफ गत दिवस पुलिस थाना हमीरपुर में भारतीय दंड संहिता की धारा 354, 354 ए और 506 के तहत केस दर्ज करवाया है। वहीं पुलिस ने केस दर्जकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस में दिए बयान में पीड़ित महिला ने बताया कि वह कारोबारी के घर पर काम करती थी।
इस दौरान कारोबारी ने अकेले में उससे छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी व्यक्ति ने महिला को जान से मारने की धमकियां भी दीं। जिससे वह काफी तनाव में है। वहीं पुलिस ने केस दर्ज कर कारोबारी की धरपकड़ शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस थाना सदर ने इस मामले को महिला सेल को भेज दिया है। उधर, पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा का कहना है कि महिला की शिकायत पर आरोपी कारोबारी के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज हो चुका है। मामले की तफ्तीश जारी है। पुलिस ने पीड़ित महिला के न्यायालय में बयान दर्ज करवा दिए हैं।