बेलहर। बखिरा क्षेत्र के रमवापुर गांव के पास मंगलवार को हुए हादसे में मासूम भांजी की जहां मौत हो गई, वहीं चेचेरा मामा घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। घटना से पीड़ित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। हर कोई मासूम की मौत से दुखी था।
गोरखपुर के कैम्पियरगंज क्षेत्र के गोपालपुर उर्फ हरनापुर की रहने वाली पांच वर्षीय हसीबा पुत्री अरमान अपने ननिहाल बखिरा क्षेत्र के भिटवा बाजार में नानी के साथ रह रही थी। मंगलवार को हसीबा अपने चचेरे मामा अब्दुस्सलाम पुत्र दिलदार के साथ बाइक से अपने गांव जा रही थी। जैसे ही वह लोग रमवापुर गांव के पास पहुंचे थे। उसी दौरान तेज रफ्तार से गुजरे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया।
घटना में हसीबा और उसके चचेरे भाई को चोट आई। घटना के बाद आस-पास के लोग मौके पर जुट गए और घायलों को सीएचसी सेमरियावां भेजवाया। सेमरियावां सीएचसी के चिकित्सकों ने देखते ही हसीबा को मृत घोषित कर दिया। जबकि चचेरा मामा को डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लोगों ने बताया कि हसीबा दो बहनों में बड़ी थी। उसकी छोटी बहन आफरीन डेढ़ वर्ष की है, जो अपनी मां के साथ रहती है। बेटी की मौत से दुखी मां रोजीना खातून का रो-रो कर बुरा हाल था। पुलिस ने चालक और ट्रक को कब्जे में ले लिया है। जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसओ सदानंद सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।