मेंहदावल पुलिस ने बगैर खनन अनुज्ञा एवं पर्यावरण स्वच्छता प्रमाण पत्र के मिट्टी खनन करर्के इंट भट्ठा संचालित करने वाले सात लोगों पर केस दर्ज किया। पुलिस ने यह कार्रवाई खनन निरीक्षक आशीष द्विवेदी की तहरीर पर किया। प्रशासन के जरिए कराई इस कार्रवाई से जिले के तमाम ऐसे ईट भट्ठा मालिकों में भी हड़कंप मच गया है।
हाल ही में एसडीएम राहुल पांडेय ने मेंहदावल क्षेत्र के कुछ ईट भट्ठों का निरीक्षण किया था। जिसमें सात ईंट भट्ठे मानक के विपरीत संचालित होते पाए गए थे। एसडीएम ने अपनी रिपोर्ट डीएम को प्रेषित की थी। डीएम सुरेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई कराने का निर्देश खनन निरीक्षक आशीष द्विवेदी को दिया था। आगे बताया कि खनन निरीक्षक के जरिए भी की गई जांच में पाया गया कि मेंहदावल क्षेत्र में संचालित हो रहे सात ईंट भट्ठे ऐसे पाए गए जहां बिना खनन अनुज्ञा और पर्यावरण स्वच्छता प्रमाण पत्र के ही मिट्टी का खनन कर कच्ची ईंट के निर्माण कराए गए थे।
खनन निरीक्षक के जरिए बुधवार को ईंट भट्ठा मालिक एकला शुक्ल निवासी सुभाषचंद्र , फरदहा निवासी इजहार ,खजुरा कला ईट भट्ठा एवं चितरुखिया के ईट भट्ठा मालिक शत्रुघभन दूबे, टड़वरिया निवासी श्रवण कुमार मिश्रा, सीयर कला निवासी मंजू सिंह और चंद्रशेखर सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कराया गया है। एसओ सबाहुद्दीन ने बताया कि विवेचना से जो तथ्य सामने आएंगे ,उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।