मेंहदावल थाने मृतक सोहरत अली को देखने के लिए लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
मेंहदावल। क्षेत्र के घूरापाली निवासी व्यवसायी सोहरत अली की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। आरोपियों में व्यवसायी के छोटे भाई की पत्नी और भाई के दो साले शामिल है। हत्या की वजह जमीन संबंधी विवाद है। पुलिस ने दोनों आरोपी भाइयों को हिरासत में ले लिया है।
गुरुवार की देर शाम घूरापाली गांव के दक्षिण टॉवर के निकट व्यवसायी सोहरत अली पुत्र आशिक अली की बाइक सवार बदमाशों ने कनपटी पर गोली मार कर हत्या कर दी थी। वह पड़ोसी इंसान अली के पुत्र साबिर अली (11) के साथ पीपीगंज क्षेत्र के जरवल भरवलियां में स्थित अपनी जूता-चप्पल की दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। हत्या की सूचना मिलते ही परिजनों व गांव में कोहराम मच गया।
सूचना पाकर मौके पर थानाध्यक्ष सुधीर सिंह, क्षेत्राधिकारी उत्तम सिंह मौके पर पहुंच गए थे। वहीं हत्या की सूचना पर पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय भी पहुंचे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए थाना मेंहदावल लाकर रात ही में पंचनामा करा दिया था।
बेटे आजाद अली ने पिता की हत्या का आरोप मढ़ते हुए अपनी चाची इकबालुन्निशा निवासी घूरापाली और चाची के भाई वकील अहमद, शकील अहमद पुत्रगण मोहम्मद रजा थाना पीपीगंज जनपद गोरखपुर के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने व्यवसायी के भाई की पत्नी इकबालुन्निशा और उसके दोनों भाइयों के खिलाफ हत्या का षडयंत्र और हत्या करने के आरोप में केस दर्ज किया।
पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुटी थी। थानाध्यक्ष सुधीर सिंह ने बताया कि मृतक का अपने छोटे भाई की पत्नी से जमीन संबंधी विवाद होने की बात सामने आ रही है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शीघ्र ही हत्या की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।