धनघटा क्षेत्र के रमजंगला गांव में शुक्रवार की रात जमीन संबंधी विवाद को लेकर मारपीट हो गई। इस दौरान ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे भी चले। इस घटना में नौ लोग घायल हो गए। इन सभी का सीएचसी मलौली में उपचार कराया गया। इस मामले में एक पक्ष के छह लोगों के खिलाफ मारपीट, एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। इसमें से गंभीर रूप से घायल एक दंपती को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
रमजंगला निवासी छटठू चौहान पुत्र शिव प्रसाद चौहान का आरोप था कि उनके पिता ने बिना बताए खेत एक शख्स को बैनामा कर दिया। जब इसकी जानकारी हुई तो वह पिता से खेत बेचने के संबंध में पूछ ताछ कर रहे थे। तभी विपक्षी वहां पहुंच गए और उनके अलावा परिवार के लोगो को मारने पीटने लगे। जिससे उनकी पत्नी गीता देवी, सुनीता देवी पत्नी पलकधारी, शकुंतला पत्नी रामू, रामू पुत्र देवप्रसाद, पलकधारी पुत्र पुरुषोत्तम, बासमती पत्नी मुन्नीलाल, पानमती पुत्री पुरुषोत्तम, फूलमती पुत्री पुरुषोत्तम, व छटठू पुत्र शिवप्रसाद घायल हो गए।
घायलों में गीता और छट्ठू को अधिक चोट आने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जबकि दूसरे पक्ष के अब्दुलगनी पुत्र सेराजूल का आरोप था कि छट्ठू अपने परिवार के लोगों के साथ उनके घर चढ़ कर आए और मारपीट कर उनके परिवार के लोगों को घायल कर दिए है।
जिसकी सूचना थाने पर दी गई, लेकिन पुलिस अभी तक उनका मुकदमा दर्ज नही की है। एसओ जे एन तिवारी का कहना है कि अब्दुल गनी समेत छह लोगों के विरुद्ध मारपीट व दलित उत्पीड़न का केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।