फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

करंट की चपेट में आने से एएनएम की मौत

Fri, 25 May 2018 11:38 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
धनघटा में विद्युत के चपेट आने से एएनएम की मौत पर रोते-बिलखते परिजन। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
हैंसर। धनघटा क्षेत्र के दौलतपुर गांव में शुक्रवार की सुबह करंट की चपेट में आने से एएनएम सुभावती राय (46) की मौत हो गई। हादसे में एएनएस के पति समेत गांव के चार अन्य लोग भी झुलस गए हैं। एएनएम की मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोगों का कहना है कि वह मिलनसार स्वभाव की थीं। वह मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के पराडीह गांव से आकर यहां नौकरी करती थीं। 
विज्ञापन


ग्रामीणों के अनुसार गांव के बाहर लगे ट्रांसफार्मर पर सुबह करीब पांच बजे 11 हजार वोल्ट का तार टूटकर गिर गया। इससे पूरे गांव में हाई वोल्टेज करंट दौड़ पड़ा। लोगों के घरों तक गया केबिल धू-धू कर जलने लगा। घरों में लगे बिजली के उपकरण भी जल गए। इसी बीच गांव में बने एएनएम सेंटर पर सो रहे एएनएम के पति अग्रेस राय (48) के ऊपर केबिल टूट कर गिर गया जिससे वह झुलसने लगे। पति को झुलसता देख एएनएम सुभावती राय उन्हें बचाने की कोशिश करने लगी और वह भी करंट की चपेट में आ गईं। चीख-पुकार सुन दूसरे कमरे में मौजूद उनकी बेटी नीतू राय पहुंची और उनके शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर जुटे। 

गांव वालों की सूचना पर थोड़ी देर बाद विद्युत आपूर्ति बंद हुई तो एएनएम और उनके पति को सीएचसी मलौली ले जाया गया। यहां डॉक्टर ने एएनएम को मृत घोषित कर दिया, जबकि पति अग्रेस राय को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। गांव के रामपुकार की बेटी रिंकू (16), राजकुमार की पत्नी रेनू (30) और एएनएम की पुत्री नीतू राय (28) भी करंट की चपेट में आने से झुलस गईं।
विज्ञापन


इन सबका इलाज सीएचसी मलौली पर चल रहा है। गांव वालों का कहना है कि अधिकांश घरों के कूलर, पंखे, टीवी समेत अन्य उपकरण जल गए। इस घटना के चलते गांव में दिनभर लोग डरे-सहमे रहे। लोगों का कहना है कि अगर यही तार एक-दो घंटे बाद गिरा होता तो कई लोग हादसे का शिकार हो सकते थे। एएनएम सुभावती राय की मौत पर गांव के लोग गमगीन दिखे। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें