महुली क्षेत्र के मडहाराजा की महिला को एक युवक ने रिश्तेदार बताते हुए बीस हजार रुपये के जेवर ठग लिए। हालांकि पीड़ित पक्ष ने अभी तक थाने में तहरीर नहीं दी है। महुली निवासी अवधेश भुज मडहाराजा गांव में परिवार सहित रहते हैं। वे यहीं भूजा, चूड़ा बनाकर बेचने का व्यवसाय भी करते हैं। पहली पत्नी की मौत के बाद उन्होंने दूसरी शादी गोरखपुर जिले में की। पीड़ितों के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 35 वर्ष का एक युवक उनके घर पहुंचा। उसने खुद को पहली ससुराल पडरिया से संबंधित बताया और फिर घर के सभी लोगों का हालचाल लेकर विश्वास में लिया।
इसके बाद अवधेश से बेटी की शादी के लिए रिश्ता देखने जाने की गुजारिश करके बाइक पर बैठाकर ले गया। पहले वह अवधेश की बेटी की ससुराल घोरहट गांव पहुंचा। कई स्थानों पर जाने के बाद वह अजांव चौराहे पर पहुंचा और पांच मिनट में आने की बात कहकर वह चला गया। इसके वह अवधेश के घर मडहाराजा पहुंचा। जहां उनकी पत्नी कौशिल्या देवी से कहा कि बेटी का रिश्ता तय करने और उसे दिखाने के लिए अजांव चौराहे पर लाने का जिक्र करते हुए जेवर मांगे।
मना करने पर उसने बेटी के लिए अच्छा रिश्ता टूट जाने का हवाला दिया। इस पर कौशिल्या ने उसे कान का झाला और मंगलसूत्र दे दिया। जालसाज जेवरों को लेकर रफू चक्कर हो गया। अवधेश लगभग आधे घंटे अजांव चौराहे पर इंतजार करने के बाद जब घर पहुंचे और पत्नी ने जेवरात के बारे में पूछा तो ठगी का पता चला। पीड़ित ने बताया कि लगभग 20 हजार रुपये के जेवर ठग ले गया। घटना से दुखी घर की महिलाएं रो रही थी।