महुली क्षेत्र के नोक्ता और डडवा गांव के बीच में बृहस्पतिवार को बाइक सवार बदमाशों ने एक एएनएम और उसके बेटे को तमंचा दिखाकर 98 हजार रुपये लूट लिए। घटना से घबराए मां-बेटे ने इसकी सूचना पीएनबी नाथनगर के शाखा प्रबंधक को दी, प्रबंधक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
डंडवा गांव निवासी रामउजागिर पुत्र स्व त्रिलोकी यादव अपनी एएनएम मां सुदामा देवी के साथ गुरुवार को पंजाब नेशनल बैंक नाथनगर की शाखा में रकम निकालने गए थे। सुदामा देवी असोम में एएनएम के पद पर तैनात हैं। एक माह के अवकाश पर वह अपने गांव डड़वा गांव आईं र्हुइं हैं। बैंक से मां बेटे ने अपने अपने खाते से 49-49 हजार रुपये की निकासी की। बैंक से निकलने के बाद दोनों बाइक से घर जा रहे थे। जैसे ही वे नोक्ता और डड़वा गांव के बीच पहुंचे थे। उसी दौरान पीछे से एक काले रंग की बिना नंबर की पल्सर पर हेलमेट लगाए दो बदमाशों ने ओवरटेक करके उन्हें रोक लिया।
बाइक रुकते ही बदमाशों ने रामउजागिर की बाइक को धक्का देकर गिरा दिया। दोनों बदमाशों ने मां- बेटे पर तमंचा तानकर उनके पास से 98 हजार रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश नाथनगर की तरफ भाग निकले। घटना के बाद मां बेटे पीएनबी नाथनगर पहुंचे और घटना की सूचना शाखा प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय को दी। बैंक मैनेजर ने इसकी सूचना तत्काल फोन से महुली पुलिस को दी। खबर पर मौके पर पहुंचे प्रभारी एसओ प्रदीप सिंह ने मामले की जांच शुरू कर दी।
इसी बीच एएसपी अशोक वर्मा भी पहुंच गए और घटना के बारे में जानकारी हासिल की। प्रभारी एसओ ने बताया कि तहरीर मिली है, मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग ः बैंक प्रबंधक से मां बेटे के साथ लूट होने की सूचना मिलते ही महुली पुलिस को सूचित करने के साथ ही बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया। लूट की शिकार सुदामा देवी के बैंक में रकम निकालने के लिए आते समय उनके आसपास मंडराने वाले संदिग्ध लोगों की सीसीटीवी फुटेज पर तलाश शुरू की जा रही है। उसी समय बैंक पर प्रभारी एसओ भी पहुंच गये थे। सुदामा देवी के निशानदेही पर पुलिस ने एक नीली टी-शर्ट पहने युवक को तलाश रही है।