गौरीबाजार। गोरखपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर भटौली बुजुर्ग चौराहे के पास गुरुवार की देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से भट्ठा मजदूर की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
क्षेत्र के करमाजीतपुर गांव निवासी परदेसी (60) भटौली बुजुर्ग चौराहे के पास एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते थे। गुरुवार को देर काम से छुट्टी के बाद वह पैदल घर जा रहे थे। भटौली बुजुर्ग चौराहे के पास गोरखपुर की ओर से तेज रफ्तार आ रहे एक चार पहिया वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। परिजन उन्हें सीएचसी गौरीबाजार ले गए, जहां से डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान शुक्रवार की सुबह उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी अरुण मौर्य ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।