हैंसर (संतकबीरनगर)। धनघटा-खलीलाबाद मार्ग पर रुपिन गांव के पास मंगलवार को बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा सटाकर आईटीबीपी के जवान से 60,000 रुपये लूट लिए। वारदात के बाद बदमाश खलीलाबाद की ओर भाग निकले।
धनघटा क्षेत्र के गोपीपुर गांव निवासी 35 वर्षीय धर्मदेव यादव पुत्र अवधराज यादव इंडो तिब्बत बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) फोर्स में सिपाही पद पर कटिहार बिहार में कार्यरत है। वह दो दिन के अवकाश पर घर आए हैं। मंगलवार की सुबह वह अपने छोटे भाई धर्मेद्र के साथ बाइक से भारतीय स्टेट बैंक की धनघटा शाखा से पैसे निकालने गए थे। बैंक से 60 हजार रुपये की निकासी करके दोनों भाई वापस घर लौट रहे थे। बाइक धर्मेंद्र चला रहे थे और भाई पीछे बैठा हुआ था। रुपिन गांव के थोड़ी आगे पहुंचने पर पीछे से एक बाइक पर सवार होकर दो युवक आए और उनकी बाइक से बाइक सटा दी। बाइक असंतुलित होने से धर्मदेव व उनके भाई गिर पड़े। उसके बाद हेलमेट लगाए बदमाशों ने उनकी कनपटी पर तमंचा सटा कर जेब रखे रुपये देने को कहा। जान बचाने के लिए उन्होंने जेब में रखे 60 हजार रुपये बदमाशों को दे दिए। रकम लेकर बदमाश खलीलाबाद की तरफ भाग निकले। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। एसओ प्रदीप सिंह ने बताया कि इस मामले में दो अज्ञात लुटेरों के खिलाफ लूट का केस दर्ज किया गया है। बैंक में पहुंच कर सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला गया है। बदमाशों के बारे में पता किया जा रहा।